माओवादी ताकतें खराब कर रहीं माहौल : महेंद्र प्रसाद भट्ट



ऋषिकेश : उत्तराखण्ड के जोशीमठ आपदा में जिस तरह की सियासत खेली जा रही है उसको लेकर भाजपा प्रदेशअध्यक्ष महेंद्र भट्ट का जो बयान सामने आया है वो चौंकाने वाला है। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में उन्होंने कहा कि जोशीमठ के मुद्दे को माओवादी ताकतें हवा देने का काम कर रही हैं। भट्ट ने कहा कि सरकार जोशीमठ के मुद्दे को लेकर पूरी तरह से गंभीर है और आपदा प्रभावितों के विस्थापन तथा पुनर्वास को लेकर गंभीरता से प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ ऐसी ताकतें हैं जो विकास विरोधी सोच रखते हैं।

उन्होंने आरोप लगाते हुये कहा कि स्थानीय नागरिकों को गुमराह कर जोशीमठ के पर्यटन और तीर्थाटन को नुकसान पहुंचाने का काम कर रहे हैं। आपको बता दें कि रायवाला में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति के पहले सत्र के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट ने मीडिया के साथ बातचीत की। उन्होंने प्रथम सत्र में हुई चर्चा तथा आगामी कार्यक्रम की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि प्रथम सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के मुताबिक उत्तराखंड को देश का आदर्श राज्य स्थापित करने की दिशा में किए जा रहे कार्यों को लेकर सरकार का आभार व्यक्त किया गया। प्रदेश में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण देने,मतांतरण के खिलाफ कठोर कानून पारित करने,भ्रष्टाचार पर ऐतिहासिक कार्रवाई करने के लिए प्रदेश सरकार का आभार संगठन की ओर से किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शीघ्र ही सशक्त भू कानून राज्य में लागू करने जा रही है जिसकी रूपरेखा लगभग तैयार हो चुकी है।यह कानून राज्य के व्यापक हित में लाया जाएगा।उन्होंने कहा कि संगठन ने केंद्रीय नेतृत्व को भरोसा दिलाया है कि आगामी लोकसभा चुनाव में उत्तराखंड में भाजपा संगठन जीत का हैट्रिक लगाएगी।

नगर निकाय के चुनाव में भी शत-प्रतिशत जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि जोशीमठ आपदा में सरकार के प्रयास सराहनीय हैं लेकिन कुछ माओवादी ताकतें आंतरिक व्यवस्था को चोट पहुंचाने का काम कर रही हैं।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के ऋषिकेश में आयोजित होने वाले जी.20 के दो कार्यक्रमों को सफल बनाने में भाजपा संगठन ने अपनी भूमिका तय की है।जी-20 में प्रतिभाग करने वाले दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाले देशों के प्रतिनिधियों को उत्तराखंड की सांस्कृतिक झलक तथा यहां की समृद्ध संस्कृति तथा स्वाद से रूबरू कराया जाएगा। साथ ही उत्तराखंड की धरती से पूरी दुनिया को वसुधैव कुटुंबकम का संदेश देने का काम किया जाएगा। प्रेस कॉन्“फ्रेंस में राज्य मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान,सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी भी मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ

Popular Post