आतंकवाद के खिलाफ एकजुट हो विश्व:मोदी

 



दिल्ली: 90वीं इंटरपोल महासभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंकवाद समूची दुनिया के लिए खतरा है। प्रधानमंत्री ने विश्व से आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने की अपील करी। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों और भ्रष्टाचारियों के लिए कोई भी सुरक्षित ठिकाना नहीं होना चाहिए। मोदी ने कहा कि साइबर सुरक्षा फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती है। पीएम मोदी ने भारत की विविधता को सबसे बड़ी शक्ति बताते हुये कहा कि भारत अपनी आजादी के 75 वर्ष मना रहा है और ये हमारे लोगों के लिए संस्कृति और उपलब्धि का उत्सव है। ये समय हमें पीछे देखने का है कि हम कहां से आए और आगे देखने का है कि हम कहां तक जाएंगे।

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि इंटरपोल एक ऐतिहासिक मील के पत्थर के करीब पहुंच रहा है। 2023 में यह अपने 100 साल पूरे करेगा। उन्होंने कहा कि यह दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने के लिए सार्वभौमिक सहयोग का आह्वान है। भारत संयुक्त राष्ट्र शांति अभियान में शीर्ष योगदानकर्ताओं में से एक है। उन्होंने कहा कि असफलताओं से हमें सीखना चाहिए,जीत का जश्न मनाएं और फिर भविष्य को उम्मीदों के साथ देखें। उन्होंने कहा कि भारत संयुक्त राष्ट्र शांति अभियान में बहादुर लोगों को भेजने में शीर्ष योगदानकर्ताओं में से एक है।

अपनी आजादी से पहले भी हमने दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने के लिए बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय पुलिस बल 900 से अधिक राष्ट्रीय और 10,000 राज्य कानूनों को लागू करता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया भर में पुलिस बल न केवल लोगों की रक्षा कर रहे हैं बल्कि सामाजिक कल्याण को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विविधता और लोकतंत्र को कायम रखने में भारत दुनिया के लिए एक केस स्टडी है। बीते 99 सालों में इंटरपोल ने 195 देशों में विश्व स्तर पर पुलिस संगठनों को जोड़ा है। यह कानूनी ढांचे में अंतर के बावजूद है।

उन्होंने कहा कि कानून-प्रवर्तन के दर्शन को प्राचीन भारतीय दार्शनिक चाणक्य ने सबसे अच्छी तरह समझाया है। प्रदानमंत्री ने कहा कि जब खतरे वैश्विक हों तो प्रतिक्रिया केवल स्थानीय नहीं हो सकती। आतंकवादियों, ड्रग कार्टेल, अवैध शिकार करने वाले गिरोहों या संगठित अपराधों के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं हो सकता है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि एक सुरक्षित दुनिया हमारी साझा जिम्मेदारी है। जब अच्छी ताकतें सहयोग करती हैं, तो अपराध की ताकतें काम नहीं कर सकती हैं।

टिप्पणियाँ

Popular Post