नहीं रहे मुलायम,समाजवाद के प्रमुख स्तंभ एवं संघर्षशील युग के नेता का अंत

 


लखनऊ/देहरादून  : 10 बार विधायक,तीन बार सांसद और तीन बार उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य के मुख्यमंत्री रहने के साथ केन्द्र में रक्षा मंत्री रहे लोहिया युग के चिराग़ मुलायम सिंह यादव का 82 साल की उम्र में निधन हो गया। आपको बता दें मुलायम सिंह यादव मदांता अस्पताल के आईसीयू में वेंटीलेटर सपोर्ट पर थे। प्राप्त समाचार के अनुसार उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने आज सुबह 8.16 पर अंतिम सांस ली वह 82 साल के थे।

मुलायम सिंह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में वह वेंटिलेटर पर थे। पिछले रविवार से उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद सपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। 22 नवंबर,1939 को जन्मे मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के सबसे प्रमुख नेताओं में से एक थे,जिन्होंने तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया और केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री के रूप में भी कार्य किया।सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और परिवार के अन्य सदस्य उनके साथ ही हैं।

दिल्ली से उनका शव लखनऊ लाने की तैयारी है। यहां से फिर इटावा ले जाया जाएगा। कल तीन बजे मुलायम सिंह यादव का सैफई में अंतिम संस्कार किया जाएगा। उधर खबर है कि मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का निधन अत्यंत दुखदाई है।

उनके निधन से समाजवाद के प्रमुख स्तंभ एवं संघर्षशील युग का अंत हुआ है। सीएम योगी ने कहा कि ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना एवं शोकाकुल परिजनों एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। आपको बता दें कि मुलायम सिंह यादव के निधन पर उत्तर प्रदेश सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। मुलायम सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा

टिप्पणियाँ

Popular Post