सिरफिरे ने कपड़े की दुकान में लगाई आग,लाखों का माल राख

 


अल्मोड़ा: एक सिरफिरे ने दन्या क्षेत्र में एक रेडीमेड दुकान में आग लगा दी। आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि उसने पास की दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग से दोनों दुकानें जलकर राख हो गईं और व्यापारियों का लाखों का नुकसान हो गया। इस घटना के बाद से व्यापारियों में गहरा रोष व्याप्त है। वहीं पुलिस से व्यापारियों ने आरोपित जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार देर रात करीब एक बजे की है। दन्या बाजार स्थित मोहन सिंह की रेडीमेड की दुकान और सुभाष चंद्र जोशी की मोबाइल की दुकान में अचानक आग लग गई । आग लगी देख वहां से गुजर रहे आल्टों कार के चालक ने अगल-बगल की दुकानों में लिखे मोबाइल नंबरों में काल किया। जिसके बाद कुछ लोग एकत्र हुए। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड व आम लोगों की कड़ी मशक्कत से पांच घंटे बाद सुबह करीब 6 बजे आग पर काबू पाया गया। इस भीषण आग में दोनों व्यापारियों का लाखों का नुकसान हुआ है।

घटना के बाद जब पुलिस ने आस.पास के सीसीटीवी का निरीक्षण किया। पास ही में सहकारी बैंक में सीसीटीवी लगा हुआ था। घटनास्थल के पास सहकारी बैठक के अलावा ट्रेजरी, सब पोस्ट आफिस, स्टेट बैंक हैं। बैंक आग में भी बाल-बाल बचा। सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति दुकान में आग लगाते हुए दिखाई जा रहा है। उसे मोहन सिंह की रेडीमेड की दुकान में आग लगाते हुए देखा गया। सीसीटीवी में फिलहाल आरोपित युवक की ठीक से पहचान नहीं हो पाई। पुलिस नुकसान का आंकलन करने में जुटी हुई है।

घटना के बाद से व्यापारियों में खासा रोष व्याप्त है। व्यापार संघ के नगर अध्यक्ष पूरन बिष्ट, गोविंद जोशी,आदि ने कहा कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। रात के समय बाजार में पुलिस गश्त भी नहीं की जाती है। जिससे अराजक तत्वों के हौंसले बुलंद है।

टिप्पणियाँ

Popular Post