मणिपुर भूस्खलन: अब तक 25 लोगों की मौत,38 लापता



गुवाहाटी: मणिपुर के नोनी जिले में एक रेलवे निर्माण स्थल पर हुए भूस्खलन में मरने वाले लोगों की संख्या आज शनिवार को बढ़कर 25 हो गई। अधिकारियों ने बताया कि 38 लोग लापता हैं तथा तलाश एवं बचाव अभियान तेज करने के लिए और दलों को लाया गया है। 

मुख्यमंत्री एन बिरेन सिंह ने भूस्खलन का एक वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘टुपुल के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में हालात अब भी गंभीर हैं। सुबह बारिश होने के कारण हमें मौसम खराब रहने की आशंका है। अभी तक 18 घायल और 25 शव मिले हैं।

अधिाकरियों ने बताया कि भूस्खलन के मलबे से इजाई नदी अवरुद्ध हो गयी है, जिससे बांध की तरह पानी भर गया है और आसपास के लोगों के लिए खतरा पैदा हो गया है। मलबे को हटाने और नदी के पानी के प्रवाह के लिए मशीनें लगाई जा रही हैं। 

रक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने गुवाहाटी में बताया कि घटनास्थल पर सेना, असम राइफल्स, प्रादेशिक सेना, राज्य आपदा मोचन बल और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के दल तलाश अभियान जारी रखे हुए हैं। प्रवक्ता ने कहा, वॉल रडार का सफलतापूर्वक उपयोग किया जा रहा है और सहायता के लिए एक खोजी कुत्ते को तैनात किया जा रहा है।

टिप्पणियाँ

Popular Post