बगावत : भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष का विधायक उमेश शर्मा काऊ समर्थकों ने फूंका पुतला

 

  


देहरादून /   रायपुर क्षेत्र में विधायक उमेश शर्मा 'काऊ' और दूसरे गुट के बीच लंबे समय से चल रही कलह लगातार बढ़ती जा रही है। गत दिनों दूसरे गुट ने विधायक के खिलाफ बैठक व प्रदर्शन किया। मामला राज्य से दिल्ली तक भी पहुंचा। पार्टी आलाकमान की हिदायत के बाद दोनों गुट फिलहाल सार्वजनिक तौर पर शांत दिखाई दे रहे थे, पर सोमवार को कलह फिर सतह पर आ गई। विधायक के समर्थक गुट ने भाजपा की महानगर महिला मोर्चा की अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय पार्षद कमली भट्ट के खिलाफ रैली निकाल उनका पुतला दहन कर विवाद को फिर तूल दे दिया।बद्रीश कालोनी के लोग विधायक उमेश शर्मा जिंदाबाद के नारे लिखे बैनर व पोस्टर लेकर रैली निकालते हुए लैंसडोन चौक पर पहुंचे और कमली भट्ट पर जमीन कब्जाने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। उन्होंने पार्टी आलाकमान से कमली भट्ट को पार्टी से बर्खास्त करने की मांग भी की। भट्ट के करीबी एवं भाजपा नेता अतुल शर्मा को भी इस मामले में आरोपित बताते हुए कार्रवाई की मांग की गई। बद्रीश कालोनी के विनोद कुमार के नेतृत्व में भाजपा कार्यकत्र्ताओं में शामिल निर्मला व उषा देवी ने कहा कि दो साल पहले उन्होंने विनोद कुमार से जमीन ली थी, लेकिन पार्षद कमली भट्ट लगातार उन्हें परेशान कर रही। डरा-धमकाकर उक्त जमीन छोड़ने का दबाव बना रही है।विनोद कुमार ने आरोप लगाया कि कमली भट्ट व अतुल शर्मा उनसे स्थानीय जनप्रतिनिधि होने का हवाला देकर 350 गज जमीन मुफ्त में मांग रहे हैं। ऐसा न करने पर जमीन कब्जा ली गई और अब मारपीट की जा रही। इस दौरान पुलिस में शिकायत दी गई पर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। प्रर्दशन करने वालों में शालू, बबीता, पुष्पा, अनूप कुमार, राजेश, किशोर, राम सिंह व धनी राम समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।

विधायक संग महापौर का भी समर्थन

प्रदर्शन करने वालों ने रायपुर विधायक के अलावा राजपुर विधायक खजानदास समेत महापौर सुनील उनियाल गामा के जिंदाबाद के पोस्टर लिए हुए थे। भाजपा आलाकमान इसे लेकर हैरत में है, क्योंकि महापौर और विधायक काऊ के बीच संबंध बेहद करीबी नहीं माने जाते। इन दिनों कमली भट्ट और महापौर के बीच कुछ कलह जरूर मानी जा रही। यही वजह है कि काऊ के संग गामा का भी समर्थन किया गया।

मेरे खिलाफ हो रही साजिश: भट्ट

 महानगर भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष और पार्षद कमली भट्ट ने कहा कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही। उन्होंने कहा कि विनोद कुमार किसी और की जमीन को अपना बताकर क्षेत्र की जनता को ठग रहा। दर्जनों लोग से उसने पैसे हड़पे हुए हैं। मैने विरोध किया तो मेरे विरोधी गुट से मिलकर उसने यह प्रदर्शन किया।

टिप्पणियाँ

Popular Post