कुलदीप सेंगर के करीबी को भाजपा ने बनाया प्रत्याशी, उन्नाव रेप पीड़िता ने पीएम मोदी को लिखा पत्र

  


 उन्नाव के बांगरमऊ में 2017 में हुए चर्चित सामूहिक बलात्कार कांड के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के करीबी को भाजपा द्वारा जिला पंचायत अध्यक्ष का उम्मीदवार बनाये जाने पर बलात्कार पीड़िता ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिख कर विरोध जताया है। बलात्कार पीड़िता ने गुरूवार को वीडियो जारी कर अपनी पीड़ा व्यक्त की। उसने कहा कि भाजपा ने उन्नाव से जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिये अरूण सिंह को उम्मीदवार बनाया है जो रेप कांड के आरोपी कुलदीप सिंह सेंगर के करीबी हैं। पीड़िता का आरोप है कि अरूण सिंह भी बलात्कार में शामिल था बल्कि उसके पिता की हत्या में भी वह नामजद हैं। उसने कहा कि भाजपा उन लोगों को टिकट दे रही है जो उसे जान से मारना चाहते हैं। गौरतलब है कि उन्नाव भाजपा के जिला पंचायत राज किशोर रावत ने नवाबगंज के पूर्व ब्लॉक प्रमुख और औरास द्वितीय से निर्वाचित अरुण सिंह को जिला पंचायत अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित किया है। इस बारे में पार्टी के जिलाध्यक्ष राज किशोर रावत ने यूनिवार्ता से कहा कि पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर अरूण सिंह को टिकट दिया गया है। वह क्षेत्र में लोकप्रिय है और जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीते हैं। भाजपा में हर काम पार्टी गाइडलाइन के अनुसार होता है और इसी नाते बुधवार देर रात उन्होने ट्वीट कर उन्हे प्रत्याशी घोषित किया है। हालांकि रेप पीडिता का वायरल वीडियो उनके संज्ञान में नहीं है। इसलिये इस बारे में वह कोई बयान देने के असमर्थ हैं। इससे पहले भाजपा ने पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की पत्नी संगीता सेंगर को जिला पंचायत सदस्य का उम्मीदवार बनाया था हालांकि बाद में किरकिरी होने पर यह टिकट काट दिया गया था। संगीता सेंगर को वार्ड नंबर 22 फतेहपुर चौरासी तृतीय से प्रत्याशी घोषित किया गया था। 2017 के उन्नाव रेप केस में गिरफ्तार कुलदीप सिंह सेंगर को उम्रकैद की सजा सुनाई गयी थी। इसके अलावा उन्हे पीड़िता के पिता की पुलिस हिरासत में मौत के मामले में भी 10 साल की सजा मिली है। भाजपा ने 2019 में चार बार विधायक रह चुके सेंगर को पार्टी से बाहर निकाल दिया था। उनकी विधानसभा सदस्यता भी रद्द कर दी गई है।

 

Sources:HindustanSamachar

टिप्पणियाँ

Popular Post