दून स्कूल को 1.60 करोड़ का नोटिस

 



 देहरादून/देश के जाने माने दून स्कूल पर नगर निगम ने हाउस टैक्स लगाया है। निगम की ओर से स्कूल को नोटिस भेजकर 17 मार्च तक टैक्स जमा करने को कहा गया है। स्कूल को जुर्माना समेत टैक्स देना होगा। पहली बार उक्त स्कूल को नगर निगम ने टैक्स के दायरे में लाया है।  मौजूदा वित्त वर्ष समाप्ति की ओर है। ऐसे में नगर निगम ने बड़े प्रतिष्ठानों से हाउस टैक्स वसूलने में तेजी ला दी है। स्कूल भी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की श्रेणी में आते हैं। कुछ महीने पहले नगर निगम ने दून स्कूल से कारपेट एरिया से जुड़े कागजात मांगे थे। इसके बाद नगर निगम ने स्कूल का टैक्स तय किया। दून स्कूल पर साल 2016 से अब तक का टैक्स निकला है, जो जुर्माना समेत कुल 1.60 करोड़ रुपये बना है। इसमें जुर्माना 15 हजार रुपये शामिल है। नगर निगम प्रशासन की ओर से दून स्कूल को बीते 17 फरवरी को नोटिस भेजकर एक महीने में टैक्स जमा करने को कहा था। 17 मार्च तक टैक्स देना होगा। इसके बाद नगर निगम टैक्स वसूलने के लिए नियमानुसार कार्रवाई करेगा। बताते चलें कि दून स्कूल का कुछ हिस्सा नगर निगम क्षेत्र तो कुछ हिस्सा गढ़ी कैंट में आता है। देहरादून में कोई भी कितना बड़ा स्कूल हो, सभी पर टैक्स लगाया जाएगा। नगर आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय का कहना है कि दून स्कूल को हाल ही टैक्स देने के लिए नोटिस भेजा गया है। स्कूल के जवाब का इंतजार है। नगर निगम ऐक्ट और स्व कर प्रणाली के तहत कार्रवाई की जा रही है। मिशनरी स्कूलों से भी टैक्स लिया जाएगा।                             


टिप्पणियाँ

Popular Post