चोटियों पर आज भी हिमपात की आशंका,बारिश के भी आसार

 


देहरादून: प्रदेश में मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को पहाड़ों पर भारी हिमपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। आपको बता दें कि शुक्रवार को देहरादून समेत प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में सुबह से ही धूप खिली रही। हालांकि, बर्फीली हवाएं चलने से दिनभर ठिठुरन बनी रही,जिससे पारे में गिरावट दर्ज की गई।

दून में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। हालांकि गुरुवार को पर्वतीय क्षेत्रों में भारी हिमपात हुआ और निचले इलाकों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि के साथ ही झमाझम वर्षा हुई। फरवरी में दो दिन में ही प्रदेश में सामान्य से 700 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की जा चुकी है। बीते दो दिन मसूरी, धनोल्टी,बुरांशखंडा, सुरकंडा, नागटिब्बा, लालटिब्बा, दूधली.भदराज में जोरदार हिमपात हुआ।

मसूरी धनोल्टी मार्ग पर लगा रहा पर्यटकों का तांता

शुक्रवार सुबह से ही हिमपात का नजारा देखने के लिए मसूरी धनोल्टी मार्ग पर पर्यटकों का तांता लगा रहा। मसूरी में भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे। गुरुवार मध्यरात्रि के बाद हुए जोरदार हिमपात से मसूरी-चंबा मार्ग पर यातायात अवरुद्ध हो गया। प्रशासन ने सड़क से बर्फ हटाने के लिए दो जेसीबी लगाई हैं।अचानक भीड़ बढ़ने से मसूरी के मलिंगार से चार दुकान की ओर भी जाम की स्थिति रही। वहीं, मसूरी.धनोल्टी मार्ग पर पूरे दिन वाहन रेंगकर चले। लाल टिब्बा, लंढौर, कुलड़ी, हाथी पांव, कंपनी बाग, जार्ज एवरेस्ट में अच्छा हिमपात हुआ है।

भारी हिमपात और ओलावृष्टि के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, प्रदेश में अगले कुछ दिन हिमपात का क्रम जारी रह सकता है। आज चोटियों पर हल्के हिमपात की आशंका है। जबकि, रविवार को 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात हो सकता है। जबकि, निचले इलाकों में कहीं-कहीं गरज.चमक के साथ ओलावृष्टि होने के आसार हैं। इसके अलावा कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा भी हो सकती है।

टिप्पणियाँ