नए साल में बदलेगा मौसम, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के आसार

 


देहरादून: आने वाले नए साल में उत्तराखण्ड के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। पर्वतीय जिलों में बारिश व बर्फबारी होने से पहाड़ से लेकर मैदान तक ठंड बढ़ेगी। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से मंगलवार को मैदानी जिले हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में सुबह घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।मौसम वैज्ञानिक ने बताया, प्रदेश भर में 26 से 30 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहेगा।

मैदानी इलाकों में दिन के अधिकतम तापमान में एक.दो डिग्री की बढ़ोतरी होने से ठंड का अहसास कम होगा। हालांकि, सुबह.शाम के तापमान में गिरावट होने से ठंड बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि 31 दिसंबर के बाद पर्वतीय जिलों में बारिश व बर्फबारी की होने की संभावना है। इससे शीतलहर चलने से प्रदेश भर में ठंड बढ़ेगी। इसका असर दिन के तापमान में भी देखने को मिलेगा।

सोमवार को दून का अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। जबकि पंतनगर का अधिकतम तापमान तीन डिग्री के इजाफे के साथ 24.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मुक्तेश्वर का तापमान भी दो डिग्री बढ़ोतरी के साथ 16 और न्यू टिहरी के तापमान में भी एक डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 17.2 डिग्री दर्ज किया गया।

टिप्पणियाँ